विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर कांग्रेस आलाकमान की ओर से सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने पर जहां उनके गृह क्षेत्र नादौन में खुशी का माहौल हैं। वहीं उनके मुख्यमंत्री बनने का जश्न उनके ससुराल में भी धूमधाम से मनाया जा रहा है।
देहरा उपमंडल के गांव नलसुआ में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ससुराल हैं। यहां उनके साले व सगे संबंधियों ने देहरा के नेहरण पुखर, ढलियारा व प्रागपुर बाजार में लड्डू बांटकर जश्न मनाया। देहरा बाजार में भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर खुशी जाहिर की ओर लड्डू भी बांटे।
मुख्यमंत्री पद पर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम की घोषणा होने के बाद से यहां जश्न का माहौल हैं। खुशी ओर जश्न इसलिए भी है कि नए मुख्यमंत्री से देहरा के लोगों में भी विकास की आस बंधी है। बता दें कि पिछले पांच साल में देहरा के लोग देहरा में मुख्यमंत्री की झलक को तरस गए थे और अब सुक्खू के सीएम बनने की घोषणा पर यहां के लोग चहक उठे हैैं। यहां लोगों में यह उम्मीद जगी हैं कि देहरा का दामाद आखिर जब भी देहरा आएगा तो कुछ न कुछ तो देहरा को भी मिलेगा।
कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश प्रवक्ता सुनिल कश्यप ने सीएम पद पर सुक्खू की ताजपोशी को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब देहरा में भी विकास के दिन फिरने वाले हैं क्योंकि इस इलाके में कांग्रेस की सरकार के युवा और नई सोच रख विकास को तहजीह देने वाले व्यक्तित्व ने सीएम की कुर्सी संभाली है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद सिंह सुक्खू के देहरा के नलसुहा में ससुराल भी हैं, इसलिए भी देहरा में खुशी का माहौल है और जगह- जगह लड्डू बांटकर जश्न मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के ससुराल पक्ष के लोग भी काफी खुश हैं। मुख्यमंत्री के साले सुरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें यह पता था कि उनके जीजा एक दिन मुख्यमंत्री जरूर बनेंगे।
