बीबीएन : जगत सिंह ( TSN)-देश के सबसे बड़े औद्योगिक संगठन लघु उद्योग भारती की हिमाचल इकाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर टूटे पुलों व सडक़ों को जल्द से जल्द दुरूस्त करने की गुहार लगाई है।
टूटे पुलों व सडक़ों को जल्द दुरूस्त करने की मांग
पत्र के माध्यम से लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष हरबंस पटियाल व प्रदेश महासचिव संजीव शर्मा ने कहा कि अगर जल्द से जल्द सडक़ व पुलों को युद्धस्तर पर काम लगाकर ठीक नहीं किया गया तो एशिया का नंबर वन औद्योगिक क्षेत्र तबाह होकर रह जाएगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन दवा उत्पादन का सबसे बड़ा हब है और देश की 50 प्रतिशत से अधिक दवा जरूरतें यहां से पूरी होती हैं। फार्मा उद्योगों के अलावा यहां अन्य उद्योग भी स्थापित हैं तो अपने उत्पादों से देश की जरूरतों को पूरा करते हैं। लेकिन कीतरपुर चणनियां पुल, बद्दी टोल बैरियर पुल और दभोटा पुल टूटने के कारण यहां कच्चा माल की आवक का संकट पैदा होने लगा है। अगर उद्योगों में कच्चा माल ही समय पर नहीं पहुंचेगा तो उत्पादन कैसे होगा। वहीं उद्योगों में निर्मित माल भी पुलों और सडक़ों के तबाह होने के चलते बाहर नहीं जा पा रहा है। जबकि सडक़ों पर घंटों जाम लगने के कारण कर्मचारी व कामगारों का उद्योगों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। पुलों के टूटने के कारण जिन वैकल्पिक रास्तों का आवाजाही के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है वहां भी जाम की स्थिति बनी हुई है। इस औद्योगिक क्षेत्र में प्रवेश करने और बाहर जाने के लिए जहां घटों लगते थे वहां अब दिनों लग रहे हैं। जिसके चलते कच्चे माल की आवक में समस्या पैदा हो गई है और उद्योग बंद होंने की कगार पर हैं। ऐसे में सैंकड़ों कर्मचारियों व कामगारों के जीवन यापन पर भी तलवार लटकी हुए है।
