शिमला,30दिसंबर (TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार से विभिन्न मुद्दों पर सवालिया निशान उठाए है. मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा था कि घोषित किए गए 69 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों पर कार्य विभिन्न चरणों में है और 2024-25 में इनमें से अधिकांश को पूरा कर लिया जाएगा। नया बजट आने में अब लगभग दो महीनें का समय ही शेष है, ऐसे में मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि उनके बजट भाषण के दौरान की गई इन घोषणाओं का क्या हुआ?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ होगा जब कोई सरकार अपने बजट स्पीच में कोई वादा कर रही हो और वादा करके पूरी तरीके से भूल जाती हो। यह पहली बार हो रहा है जब सरकार के द्वारा घोषित महत्वाकांक्षी योजना जिसे बजट स्पीच में भी प्रमुखता से स्थान दिया गया हो उसे सरकार द्वारा पूरी तरह भुला दिया गया हो। बस हर बजट भाषण में मुख्यमंत्री कोई ना कोई नए सब्जबाग दिखाते हैं और फिर खुद भी भूल जाते हैं। जिस तरह मुख्यमंत्री ने पहले स्पीच में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान खोलने का वादा किया और दूसरी बजट स्पीच में आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में कैंसर डे केयर सेंटर खोलने का वादा किया हो सकता है अगली बार आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में हार्ट ट्रांसप्लांट जैसे सर्जरी का वादा भी कर दें और हर बार की तरह आदर्श स्वास्थ्य संस्थान खोलना भूल जाए। मुख्यमंत्री से निवेदन है वह अपने बजट भाषण को चुनावी भाषण की तरह न समझे।
