संजीव महाजन, नूरपुर: कांग्रेस के आला नेता ही कांग्रेस में रहकर घुटन महसूस कर रहे है ओर तभी भाजपा में शामिल हो रहे है। यह बात भाजपा हिमाचल प्रदेश चुनाव सहप्रभारी देवेंद्र सिंह राणा ने नूरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है ओर मुद्दाविहीन कांग्रेस पार्टी अनापशनाप बयानबाजी करके जनता को ठगने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस में सभी सीएम बनने का सपना देख रहे है, लेकिन आने वाले विस चुनाव में भी हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। राणा ने कहा कि देश-प्रदेश में भाजपा की स्थिति मजबूत है ओर विकास के दम पर हिमाचल प्रदेश में भाजपा रिपीट करेगी। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा सरकार का कार्यकाल काफी सराहनीय रहा है जिसमें गरीब जनता के हितार्थ कई निर्णय लिए गए ओर कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गईं जिनका जनता को भरपूर लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से करवाए गए विकास को देखकर जनता का रूझान भाजपा की तरफ बढ़ा है।यहां तक कि कांग्रेस के आला नेता ही भाजपा में शामिल हो रहे है।
