बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार व सदर भाजपा के प्रत्याशी त्रिलोक जमवाल ने कांग्रेस पर जुबानी हमला किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिलासपुर में काफी विकास करवाया है। बात चाहे बिलासपुर एम्स की हो, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, रेलवे या फिर फोरलेन यह सभी कार्य भाजपा सरकार की देन है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक बड़ा प्रोजेक्ट बता दें जो उन्होंने अपनी सरकार में रहते हुए बिलासपुर में लाया हुआ हो। कांग्रेस सरकार द्वारा एक भी कार्य बिलासपुर में नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि सदर से जो भाजपा नेता नाराज चले हुए हैं उन सभी को जल्द ही मना लिया जाएगा और सभी एक साथ होकर चलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जो नेता भाजपा छोड़ आजाद उम्मीदवार यानि सुभाष शर्मा मैदान में खड़े है, वह उनके काफी अच्छे दोस्त और राजनेतिक सफर में हमेशा साथ खड़े है। लेकिन इज्जत सिर्फ पार्टी में रहकर ही होती है। सुभाष शर्मा ने पार्टी छोड़कर गलत डिसीजन लिया है।
जमवाल ने कहा कि भाजपा का परिवार बड़ा है, नाराजगी चली रहती है। सभी को साथ लेकर चलेंगे और सभी का समर्थन मिल रहा है। त्रिलोक जमवाल ने कहा कि वह लगातार लोगों के बीच में जा रहे हैं और वह इस बार चुनाव विकास के मुद्दों पर लड़ेंगे। त्रिलोक जमवाल ने कहा कि 5 साल उन्होंने हिमाचल सरकार में रहकर कार्य किया है और जहां भी वह अभी जा रहे है, वहां पर लोगो का समर्थन मिल रहा है।
