बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – बिलासपुर सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने कहा कि प्रदेश में लगातार जारी बारिश ने बहुत कहर बरपाया है। जिला बिलासपुर भी इससे अछूता नहीं है। यहां भी बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। इसी स्थिति में प्रदेश की कांग्रेस सरकार राजनीति करने में व्यस्त है। सरकार व मंत्री आपस में लड़ रहे हैं। जबकि, इस संकट की घड़ी में भाजपा हर तरह से जमीनी स्तर पर जाकर समाज सेवा के भाव से काम कर रही है।
सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में त्रिलोक जमवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार इस आपदा से निपटने के लिए न पहले तैयार थी और न अभी तैयार नजर आ रही है। वहीं, जिला प्रशासन भी इस आपदा से निपटने के लिए अच्छा काम कर रहा है। बीते मंगलवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बिलासपुर पहुंचे थे। उन्होंने बिलासपुर की कई ऐसी जगहों पर जाकर नुकसान का जायजा लिया, जहां अधिक नुकसान हुआ है। इसके अलावा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाजसेवा में लगे हैं। प्रदेश सरकार को भी चाहिए कि इस आपदा की घड़ी में राजनीति छोडक़र मिलजुल कर काम करे, ताकि जल्द ही जल्द इस आपदा से निपटा जा सके।
