शिमला,30 सितम्बर-(TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हिमाचल की तरह ही हरियाणा को भी झूठी गारंटियों के नाम पर ठगना चाह रही है।लेकिन कांग्रेस की गारंटियों का झूठ हिमाचल प्रदेश में बेनकाब हो गया है और अब आलम यह है कि हरियाणा समेत देश के लोग कांग्रेस की झूठी गारंटियों को नकार रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस दिन हरियाणा में कांग्रेस के नेता घर देने की गारंटी दे रहे थे उस दिन हिमाचल में घरों के नक्शे स्वीकृत करने की कीमतों में पाँच से आठ गुना तक वृद्धि का आदेश दिया जा रहा था।प्रधानमंत्री ने हिमाचल को एक लाख दस हज़ार प्रधानमंत्री आवास पिछले एक साल में दिए हैं लेकिन सुक्खू सरकार इसमें भी अवसर देख रही है। प्रदेश में सत्ता में आने के बाद से ही सरकार ने सीमेंट के दाम में 120 रुपए प्रति बैग की वृद्धि कर दी है। रेता-बजरी के दाम अलग बढ़ा दिए हैं।ऐसे में क्या हर परिवार के पक्के मकान का सपना साकार हो पाएगा। कांग्रेस पार्टी की हिमाचल में सरकार आने के बाद से ही हिमाचल में लोगों को कोई न कोई ज़ख़्म मिल रहा है दवा नहीं। सरकार की ज्यादती का आलम यह है कि लोगों को मिल रहे पाँच लाख के निःशुल्क हिमकेयर का इलाज भी निजी अस्पतालों में सरकारी आदेश से बंद हो गया है और सरकारी अस्पतालों में सरकार की उपेक्षा से जिन्हें ऑपरेशन की डेट मिल गई थी, उन्हें भी ऑपरेशन करने से मना कर दिया गया।
