अरविंदर सिंह,हमीरपुर: मंडी में बारिश की वजह से स्थगित हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर लगातार कांग्रेस भाजपा पर हावी हो रही है। हमीरपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र जार ने भी मंडी में भाजपा की युवा संकल्प रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ना पहुंचने पर भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का पहले से ही हिमाचल सरकार की संवेदनहीनता और उनके हितों से लगातार कुठाराघात करने के कारण मोह भंग हो चुका है। ऐसे में अब प्रकृति भी राज्य सरकार से रूठ चुकी है।
राजेंद्र जार ने कहा की प्रधानमंत्री युवा विजय संकल्प रैली के माध्यम से प्रदेश विधानसभा चुनावों का शंखनाद करने वाले थे, लेकिन प्रदेश की जनता के साथ-साथ अब भगवान ने भी भाजपा से मुंह मोड़ लिया है । उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा कि इस रैली में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 के चुनावों की तरह इस बार भी युवाओं को हर वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने का वायदा कर वोटों के लिए गुमराह कर अपनी स्वार्थसिद्धी भी की थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में शीघ्र ही विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं । उसी तर्ज पर बड़े योजनाबद्ध तरीके से फिर से रोजगार देने का वायदा कर अब की बार वोटों के लिए आम जनता को फिर एक बार बरगलाने की कोशिश भाजपा की ओर से की जानी थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जिस राजनीतिक उद्देश्य को लेकर युवाओं का नाम लेकर इस रैली के आयोजन किया था वह उद्देश्य पूरा नहीं हुआ है। इस रैली के लिए प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से सरकारी पैसे का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया। पैसे की बवार्दी करने के बाद भी सरकार का मकसद पूरा नहीं हो सका है । उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस रैली को युवा विजय संकल्प रैली का नाम तो दिया था लेकिन रैली में युवाओं की संख्या कम थी जबकि अन्य लोगों की ज्यादा थी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के आने से प्रदेश के लोगों को आस होती है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले कई दौरों में भी हिमाचल के हाथ कुछ नहीं आया।
