मंडी : धर्मवीर (TSN)- मंडी जिला के रिवालसर क्षेत्र की 20 वर्षीय कविता लव जिहाद का शिकार हुई है। कविता को जम्मू कश्मीर के जिला पूंछ के रहने वाले अयाज ने लव जिहाद का शिकार बनाया है। जम्मू से अपनी जान बचाकर आई कविता आज परिवार सहित एसपी मंडी से मिली और आपबीती सुनाने के साथ ठोस कार्रवाई की मांग उठाई।
कविता ने बताया कि अयाज रिवालसर में उसके पिता के साथ काम करता था और खुद का नाम सोनू बताया था। उसका घर पर आना-जाना था तो उसने पहले मुझे बहन बनाने को कहा। बाद में उसने दोस्ती का ऑफर दिया। इसके बाद बताया कि वो सेना में ऑफिसर है और शादी का प्रस्ताव दे दिया। कविता भी उसके बहकावे में आ गई और उससे शादी करके जम्मू चली गई। वहां पर उसे पता चला कि सोनू मुस्लिम है और उसका नाम अयाज है। वहां कविता का जबरन निकाह करवाया गया। कविता को वहां पर एक तरह से कैद करके रखा गया और उसे किसी से बात नहीं करने दी जाती थी। कविता ने यह समझदारी दिखाई कि दो महीनों तक चुप रहकर अयाज का विश्वास जीता। इसके बाद अयाज ने उसे फोन देना शुरू किया। उसके बाद कविता ने अपने परिजनों को फोन करके आपबीती सुनाई और उन्हें वहां पर बुलाया। परिवार वाले कविता को वहां पुलिस की मदद से छुड़ाने में कामयाब हुए और वापिस अपने घर ले आए हैं।
आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग
कविता की माता बिमला देवी ने बताया कि अयाज अब उनके घर आकर पूरे परिवार के साथ मारपीट करके उन्हें धमकियां दे रहा है। इन्होंने एसपी मंडी से गुहार लगाई है कि इन्हें सुरक्षा मुहैया करवाई जाए और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
आरोपी युवक की तलाश जारी
एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि पीड़िता ने उनके साथ मुलाकात करके सारी व्यथा बताई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करके मंडी लाया जाएगा।
