अरविंदर सिंह,हमीरपुर: लुण्डरी गांव को सड़क सुविधा से जुड़ा जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को उचित दिशानिर्देश दिए गए हैं और जल्द ही विभागीय टीम मौके पर आएगी। यह बात शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र सदर से विधायक आशीष शर्मा ने विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत नाहलवीं का दौरा करने के दौरान कही। इस मौके पर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक का जोरदार स्वागत किया।
विधायक ने कहा कि ये जो पांच साल जनता ने मौका दिया अब इस मौके को विकास कार्य करवाकर भुनाया जाएगा। उन्होंने कहा की हाल ही में मंत्रिमंडल का गठन हुआ है, अब जल्द ही काम सुचारु रूप से होंगे। उन्होंने कहा की यह हमारा सौभाग्य है कि मुख्यमंत्री हमें हमीरपुर से मिले हैं, इसलिए विकास कार्यों की कमी नहीं आएगी। इस मौके पर पंचायत के लोगों ने लुण्डरी और फूलवाड़ी में सड़क निर्माण, पानी की समस्या, जाइका का प्रोजेक्ट शुरु करवाने, राशन का सब डिपो खोलने आदि समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं ।
विधायक ने विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर पंचायत प्रधान रजनी, बीडीसी अमित समेत अन्य प्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।
