विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में हवन करवाने के लिए श्रद्धालुओं को अब परमिशन के लिए अब इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। हवन करवाने के लिए बुकिंग अब श्रद्धालु ऑनलाइन भी करवा सकेंगे। मंदिर न्यास चिंतपूर्णी की ओर सेश्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई हैं। गुरुवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बाबा श्री माई दास सदन में बने कांफ्रेंस हॉल में ऑनलाइन सुविधा का शुभारंभ किया।
मंदिर न्यास चिंतपूर्णी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए दो तरह के हवन करवाने की परमिशन दी जाएगी। इसमें एक सूक्ष्म हवन होगा जिसका खर्च 17 सौ रुपए होगा। इसमें 5 लोगों को बैठने की अनुमति होगी ओर इसमें हवन सामग्री मंदिर न्यास की ओर से दी जाएगी। वहीं एक दूसरा बड़ा हवन होगा जिसके लिए 69 सौ जमा करवाने होंगे। इसमें हवन कुंड की बुकिंग के चार्ज भी इसी में होंगे। श्रद्धालुओं को हवन की बुकिंग के लिए मंदिर न्यास की वेबसाइट पर जाकर लॉग इन करना होगा और अपनी आईडी क्रिएट करनी होगी जिसके बाद पेमेंट करनी होगी। पेमेंट करने के बाद हवन के लिए जो भी स्लॉट बुक होगा उसका प्रिंट आउट निकालना होगा। जब श्रद्धालु हवन करवाने के लिए चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचेगा तो उसे मंदिर कार्यालय में उस प्रिंटआउट को दिखाना होगा जिसके बाद हवन करने की अनुमति मिलेगी।
बता दें कि बदलते वक्त के साथ-साथ मंदिर न्यास चिंतपूर्णी ने भी कई बदलाव किए हैं। पिछले कुछ समय में जिसमें ऑनलाइन दर्शन,ऑनलाइन चढ़ावा, श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन प्रसाद की बुकिंग और अब ऑनलाइन हवन कुंड की बुकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी गई हैं। वही मंदिर एसडीओ आरके जसवाल ने बताया पंडित मंदिर न्यास चिंतपूर्णी की ओर से संचालित वेबसाइट के पैनल में ऐड किसी भी पंडित को हवन करवाने वाला व्यक्ति चुन सकता है जिसके लिए उसे खुद ही चार्ज देने होंगे।
बता दें कि मां चिंतपूर्णी के दरबार में रोजाना हजारों श्रद्धालु आते हैं। इस दौरान श्रद्धालु मंदिर में माता रानी के दर्शन करते हैं और हवन पूजन करवाते हैं। श्रद्धालुओं को हवन करवाने के लिए बुकिंग करवाना आसान हो इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग का भी प्रावधान किया गया हैं।
