बिलासपुर :सुभाष ठाकुर (TSN)- बिलासपुर सोलन सीमा पर त्रिपेनी घाट के साथ लगते अली खड्ड पानी विवाद लगातार तुल पकड़ता जा रहा है. यह आंदोलन 16वे दिन में प्रवेश कर गया है, जिसको लेकर शनिवार को महापंचायत अली खड्ड पर आयोजित की गई . जिसमें बिलासपुर जिला के हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया. इस दौरान उन्होंने सरकार व सोलन प्रशासन और अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ खूब नारेबाजी की.
इस मौके पर कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया है। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि पहले यह आंदोलन शांतिपूर्वक तरीके से किया जा रहा था, लेकीन अब यह उग्र होगा. संघर्ष समिति के अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने कहा अगर इस कार्य को बंद नहीं किया गया तो आने वाले समय में यह आंदोलन उग्र रुप ले लेगा.जिसकी सारी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी.उन्होंने सोलन प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा की गलत तरीके से यहां पर काम करवाया जा रहा है जो अब बर्दाश्त नहीं होगा.अली खड्ड संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि मंगलवार तक अगर कार्य को बंद नहीं किया गया तो जेल भरो आंदोलन होगा शुरू और आमरण अनशन किया जाएगा.
नैना देवी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला
अली खड्ड पानी विवाद पर नैना देवी विधानसभा क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल भी नैना देवी के विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिमला में मिला. उन्होंने मांग की है कि अली खड्ड से उठाए जा रहे पानी विवाद पर संज्ञान लिया जाए. विधायक रणधीर शर्मा ने कहा जिस स्थान से पानी उठाया जा रहा है उससे आगे लगभग 35 पानी की पेयजल स्कीम घराट और सिंचाई की योजनाएं चलती है, वह सारी प्रभावित हो जाएगी और लोगों को आने वाले समय में पीने का पानी नहीं मिलेगा. जिससे इस क्षेत्र में काफी समस्याएं उत्पन्न हो जाएगी. उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि स्कीम पर कड़ा संज्ञान लिया जाए और इसे रद्द किया जाए.
