बिलासपुर, सुभाष-: जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में कुल 232 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब केवल बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच कर रही है।पहली कार्रवाई 2 अगस्त को पुलिस थाना घुमारवीं क्षेत्र में हुई, जहां स्पेशल डिटेक्शन टीम ने बलोह फोरलेन लिंक रोड, मल्यावर के पास वाहनों की जांच के दौरान एक बस में सफर कर रहे पंजाब के गुरदासपुर निवासी 30 वर्षीय रूबल के कब्जे से 122 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी दिन दूसरी कार्रवाई में डिटेक्शन टीम ने बलोह फोरलेन लिंक रोड, मन्दरीघाट के पास बस की जांच के दौरान मंडी जिले के डैहर निवासी नीरज कुमार (30) और विकास (27) के पास से 110 ग्राम चिट्टा बरामद किया। दोनों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।उधर, 1 अगस्त को 8.72 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किए गए गोरखपुर निवासी रामू से पूछताछ और डिजिटल व वित्तीय साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने बिलासपुर के मोरर्सिंघी निवासी प्रतीक चौहान (29) को भी गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जब्त की गई खेप उसे स्थानीय स्तर पर बेचने के लिए पहुंचाई जानी थी। पुलिस के अनुसार, प्रतीक चौहान के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं।एसपी अभिषेक धीमान ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
