Una, Rakesh-:ऊना जिले में उपायुक्त कार्यालय के पास स्थित सहायक उपायुक्त (एडीसी) महेंद्र पाल गुर्जर के सरकारी आवास में आज सुबह अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना सुबह के समय घटित हुई, जब एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। उसी दौरान घर की ऊपरी मंजिल पर बने एक कमरे में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने जोर पकड़ लिया।
एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें उनकी पत्नी ने फोन पर दी। उन्होंने बताया कि कमरे में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई, जिसके बाद धुआं फैलने लगा। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत फायर विभाग को फोन किया। दमकल विभाग की टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। हालांकि आग बुझा दी गई, लेकिन ऊपर का कमरा पूरी तरह जलकर राख हो गया।आगजनी की इस घटना में घर का काफी कीमती सामान भी नष्ट हो गया है। फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुएं जलकर खाक हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई भी व्यक्ति उस कमरे में मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण घर के अन्य हिस्सों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। यदि आग कुछ देर और चलती रहती, तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था। फिलहाल फायर विभाग ने आग लगने के कारणों की पुष्टि के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया है और कहा है कि प्रारंभिक संकेत शॉर्ट सर्किट की तरफ इशारा कर रहे हैं।एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने दमकल कर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की और कहा कि उनकी तेज कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
