Shimla, 21 November-:शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज उपमंडल कोटखाई में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय भवन का उद्घाटन किया, जो 2 करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से निर्मित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस नए भवन से विभागीय कार्यों में गति और दक्षता बढ़ेगी तथा कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण प्राप्त होगा।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल–नावर–कोटखाई क्षेत्र में वर्तमान में सड़क और भवन निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में इस क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत तथा अन्य जनसुविधाओं पर करोड़ों रुपये व्यय किए गए हैं, जो अभूतपूर्व विकास यात्रा का प्रतीक हैं।उन्होंने कोटखाई में स्वीकृत सब-जज कोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि कल्याणकारी सरकार का उद्देश्य जनता को न्याय सुलभ कराना है। सब-जज कोर्ट के खुलने से स्थानीय लोगों को न्याय प्रक्रियाओं में राहत मिलेगी। विपक्ष पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत इस क्षेत्र के लिए एक भी सड़क स्वीकृत नहीं हुई, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इसी योजना के तहत 300 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली और अब तक 148 नई सड़कों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।स्वास्थ्य क्षेत्र पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि कोटखाई में मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित हो रहा है, जहां विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। साथ ही कोटखाई में ट्रॉमा सेंटर निर्माण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
शिक्षा मंत्री ने केंद्रीय विद्यालय निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण भी किया। पुड़ग पंचायत के कुफ़्टू फार्म में केंद्रीय विद्यालय हेतु 30 बीघा भूमि चयनित की गई है तथा निर्माण पर 40 करोड़ से अधिक खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बनने से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित कई लोग उपस्थित रहे।
