सचिन शर्मा,केलांग: मनाली बारालाचा दर्रा लेह मार्ग फोर वाई फोर हल्के वाहनों के लिए 22 मई से आवाजाही के लिए खोला जा रहा हैं। बारालाचा दर्रा को वाहनों की आवाजाही के लिए खोलने को लेकर जिला प्रशासन, लेह प्रशासन,सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की हैं। बैठक के दौरान उपायुक्त राहुल कुमार ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि सम और विषम तारीखों के अनुसार ही हल्के वाहनों को मनाली, दारचा, बारालाचा दर्रा से लेह की ओर आवाजाही के लिए खोला जाएगा।
हाल ही में प्रशासन व सीमा सड़क संगठन के संयुक्त निरीक्षण के दौरान बारा लाचा दर्रा सड़क मार्ग का जायजा लिया गया था। सड़क मार्ग पर अधिक बर्फ और तंग व फिसलन होने के कारण फिलहाल यह निर्णय लिया गया है कि सम तारीख 22,24,26,28, 30 को मनाली दारचा बारालाचा से हल्के फोर बाई फोर वाहन लेह की ओर गुजरेंगे और विषम तारीख ओड डेट को 23, 25, 27,29,31 तारीख को लेह से बारालाचा मनाली के लिए वाहनों को आने की अनुमति रहेगी।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि पर्यटकों के वाहनों को मनाली से जिंग जिंग बार तक केवल हल्के फोर बाई फोर वाहन व चेन युक्त वाहनों को ही जाने की अनुमति रहेगी। समय सारणी सुबह 7:00 से 10:00 बजेतक रहेगी। एसेंशियल्स सर्विसिस और कंस्ट्रक्शन मैटेरियल के वाहनों को लेह की ओर जाने की अनुमति प्रदान की गई है और शिंकुला दर्रा से जांस्कार की ओर भी हल्के फोर वाइ फोर वाहनों को अनुमति दी गई हैं।
उपायुक्त ने इस बात पर बल देते हुए कहा कि मौसम के बदलते रुख को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल स्पीति की समय-समय पर जारी एडवाइजरी की अनुपालना अवश्य सुनिश्चित बनाएं ताकि कोई भी अप्रिय घटना ना घटे। उन्होंने कहा कि इन दरों पर कठिन भौगोलिक और विषम परिस्थितियां है लिहाजा सावधानी अवश्य बरती जाए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने यह भी बताया कि 1 जून से बारालाचा दर्रा मार्ग पर टू वे वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित बनाई जाएगी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी को यह भी निर्देश जारी किए की जिला पुलिस के कार्य बल सरचू में 22 तारीख से ही अपनी चैक पोस्ट कार्यशील करें, और लेह प्रशासन के पुलिस दल के साथ समन्वय स्थापित करेंगे ताकी वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके।
