संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों की समस्याओं और परेशानियों का समाधान सरकार की ओर से किया जाएगा। कर्मचारियों की समस्याओं को सुना जा सके और उनका समय रहते समाधान हो इसके लिए गुरुवार को हिमाचल प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात करने के लिए राज्य सचिवालय में बुलाया। बैठक में हिमाचल परिवहन इंटक के सदस्यों ने हिस्सा लिया। यह बैठक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और निगम प्रबंधन के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की सभी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान करने की बात कही गई हैं।
हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ बैठक के बाद हिमाचल परिवहन इंटक के अध्यक्ष उमेश कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को सुना हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कर्मचारी ओवर टाइम न मिलने की वजह से परेशान हैं। इसके अलावा कर्मचारियों की तनख्वाह भी समय पर नहीं आ रही हैं। ऐसे में ड्राइवर-कंडक्टर को परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आश्वासन दिया है कि सरकार जल्द से जल्द इनकी मांगों को पूरा करेगी।
हिमाचल परिवहन इंटक अध्यक्ष उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों की तनख्वाह और रिटायर्ड कर्मचारियों की पेंशन भी 7 तारीख से पहले आ जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार जल्द ही अपने बेड़े में 75 नई बसों को भी शामिल करने जा रही हैं। इसके अलावा जगह-जगह खड़ी बसों को भी एक जगह लाकर खड़ा करने की बात कही गई है, ताकि बसों का निष्पादन सही तरीके से हो सके।
