मंडी,धर्मवीर(TSN)-छोटी काशी मंडी में जारी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पांचवी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी कलाकारों के नाम रही।इस संध्या में कुल्लू से संबंध रखने वाले सुप्रसिद्ध पहाड़ी गायक इंद्रजीत ने बतौर मुख्य कलाकार अपनी प्रस्तुति दी।उन्होंने रात करीब 9 बजे मंच संभाला और उसके बाद एक से बढ़कर एक पहाड़ी गाने गाए,जिसपर मंडी वासी जमकर झूमे।इंद्रजीत के प्रोग्राम को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरा पंडाल खचाखच भरा हुआ नजर आया।लोग रात 10 बजे तक संध्या की समाप्ति तक पंडाल में डटे रहे और इंद्रजीत द्वारा गाए गए पहाड़ी गानों पर जमकर झूमे।इंद्रजीत ने अपने वे सभी गाने गाए जो हर हिमाचली की जुबान पर हैं और अकसर शादी-समारोह में लोग इन गानों पर जमकर झूमते भी हैं।
फिजी से आए सांस्कृतिक दल ने भी दी प्रस्तुति,दिखाई अपनी स्मृद्ध संस्कृति
पांचवी सांस्कृतिक संध्या में कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।उन्हें धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर और डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया और स्मृति चिंह भी भेंट किया।पांचवी संध्या में मंडी के लोगों को फिजी से आए सांस्कृतिक दल की प्रस्तुति देखने का मौका मिला।फिजी से आए दल से अपनी स्मृद्ध संस्कृति की झलक पेश की और यहां की संस्कृति को भी जानने का प्रयास किया।इसके अलावा पांचवी सांस्कृतिक संध्या में उर्मिला सोनी,आरिन एंड अर्शप्रीत,कुमार साहिल और अजय चौहान एंड अज्जू तोमर ने भी अपनी प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा।
