सचिन शर्मा, मनाली: हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल का शुक्रवार देर रात को समापन हो गया। इस विंटर कार्निवाल का समापन विंटर क्वीन के चयन के साथ हुआ हैं। मनाली विधानसभा क्षेत्र से विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने विंटर कार्निवाल 2023 का समापन किया। पांच दिनों तक चले इस विंटर कार्निवाल में जहां मनाली के मनुरंगशाला में देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति की झलक देखने को मिली वहीं विंटर कार्निवाल का मुख्य आर्कषण रहने वाली विंटर क्वीन का भी चयन कर लिया गया।
मंडी के जंजैहली की आरजू राणा ने कड़े मुकाबले में विंटर क्वीन (शरद सुंदरी) 2023 का खिताब अपने नाम कर लिया। उन्होंने फाइनल राउंड में 15 प्रतिभागियों को हराकर विंटर क्वीन का ताज पहना है, जबकि शिमला की नितिका शर्मा प्रथम उपविजेता ओर कुल्लू जिला के बंजार की स्मृति द्वितीय उपविजेता रही। बता दें कि शुक्रवार को अंतिम दिन विंटर कार्निवाल के पहले राउंड में सुंदरियों ने रैंप पर कैटवाक किया। दूसरे राउंड में सुंदरियों का सीधा सामना जजों से हुआ। अधिकतर सुंदरियों ने पूरे आत्मविश्वास से प्रश्नों के जवाब दिए।
पहले व दूसरे राउंड में सभी 27 प्रतिभागियों को मौका दिया गया। दूसरे राउंड के लिए 15 व तीसरे राउंड के लिए 6 प्रतिभागियों का चयन हुआ। अंत में ताज के लिए शिमला की आक्षी धर्मा, बिलासपुर की कनिष्का वर्धन, कुल्लू जिला के बंजार की स्मृति, मंडी के जंजैहली की आरजू राणा, सिरमौर की हितेषी परमार व शिमला की निकिता शर्मा के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें विंटर क्वीन का ताज मंडी के जंजैहली की आरजू राणा के सर सजा।
विंटर क्वीन को मनाली विधानसभा क्षेत्र से विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने एक लाख रुपए इनाम राशी, ट्रॉफी व ताज से सम्मानित किया गया जबकि प्रथम उपविजेता को 50 हजार व द्वितीय उपविजेता को 30 हजार रुपए व ताज से सम्मानित किया गया। मनाली विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। इस दौरान विंटर क्वीन चुनी गई मंडी के जंजैहली की आरजू राणा ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता- पिता को देंगी। उन्होंने कहा कि इस खिताब को जीतने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी और उसी का परिणाम है कि आज उन्हें विंटर क्वीन 2023 चुना गया। उन्होंने कहा कि वह आने वाले समय में भी मॉडलिंग करती रहेंगी।
वहीं विंटर क्वीन प्रतियोगिता की फर्स्ट रनरअप रही शिमला की नितिका शर्मा और कुल्लू जिला के बंजार की सैकेंड रनरअप रही स्मृति ने कहा कि यहां पर आकर उन्हें काफी अच्छा लगा और काफी कुछ सीखने को मिला। सभी लड़कियां काफी प्रतिभावान थी और सभी ने पुरी मेहनत की थी। उन्होंने कहा कि वह काफी खुश है कि वह यहां तक पंहुची और यह खिताब उन्हें मिला ।
