Mandi, Dharamveer –डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, सोलन में आयोजित 5 दिवसीय राष्ट्रीय जूनियर किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मंडी जिला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हिमाचल का प्रतिनिधित्व करते हुए बल्ह उपमंडल के शौर्य और काव्यांश चौधरी ने कांस्य पदक अपने नाम किया और साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।
शौर्य ने कर्नाटक के खिलाड़ी को हराया, जबकि काव्यांश ने उड़ीसा के खिलाड़ी को मात देकर पदक हासिल किया। इनके अलावा मंडी के ही स्वस्तिक चंदेल ने भी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया।ये तीनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता और राष्ट्रीय कोच सुमित जम्वाल के शिष्य हैं। कोच सुमित ने बताया कि वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन द्वारा शौर्य और काव्यांश का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है।उन्होंने कहा कि हिमाचल में खेल प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन युवाओं को सही मंच उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। अगर सरकार और समाज खिलाड़ियों को सहयोग दें तो युवा खेलों की ओर रुख करेंगे और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे।
