चंबा, मंजूर पठान-: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे लोगों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। इन दुर्घटनाओं में कई परिवार अपने प्रियजनों को खो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। रविवार सुबह जिले के हिमगिरी-नकरोड़ मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना देर रात हुई मानी जा रही है, लेकिन इसकी जानकारी रविवार सुबह उस समय मिली जब स्थानीय लोगों ने खाई में दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हुए और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।घटनास्थल दुर्गम होने के कारण बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से खाई में गिरे वाहन तक पहुंचने का प्रयास किया गया और मृतकों के शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही, खराब मौसम अथवा किसी अन्य कारण से हुआ।प्रशासन ने लोगों से पर्वतीय क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
