मनाली : सचिन शर्मा – पर्यटन नगरी मनाली सहित जिला कुल्लू में आई बाढ़ से हुए नुक़सान को 2 महीने का समय हो चुका है।दो महीने का समय बीतने के साथ ही अब मनाली सहित जिला में हालात भी सामान्य होने लगे हैं और यंहा के लोगों का जनजीवन भी पटरी पर लौटने लगा है। ऐसे में अब पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों को भी अपना कारोबार चलने की उम्मीद जगी है।वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी सैलानियों से हिमाचल प्रदेश आने की अपील की है । उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अब सैलानियों के लिए सुरक्षित है और पर्यटक यहां आकर यंहा के प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठा सकते हैं।
बता दें कि जुलाई महीने में आई बाढ़ से जंहा जिला में जान माल का भारी नुकसान हुआ है, वंही इससे मनाली कुल्लू का पर्यटन कारोबार भी पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। ऐसे में अब जब हालात सामान्य होने लगे है और पर्यटकों ने भी धीरे धीरे कुल्लू मनाली का रुख करना आरंभ कर दिया है तो पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को भी आने वाला दशहरा और दीपावली का सीजन चलने की उम्मीद जगी है। वही मनाली प्रशासन के द्वारा भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं, जिसके तहत मनाली प्रशासन के द्वारा मनाली में एक अक्टूबर को मैराथन रेस का भी आयोजन किया जा रहा है।
अब मनाली सहित जिला में हालात होने लगे सामान्य
मनाली एसडीएम रमन शर्मा ने कहा कि बाढ़ का असर मनाली के पर्यटन कारोबार पर देखने को मिल रहा है ।उन्होंने कहा कि अब यंहा पर हालात सामान्य हो रहे हैं और पर्यटकों को मनाली लाने के लिए कुछ कदम उठाए जा रहे हैं। जिसके तहत मनाली में 1 अक्तूबर को मनाली मैराथन के नाम से इवेंट आयोजित किया जा रहा है। जिसमे 5 कैटिगिरी में दौड़ आयोजित की जाएगी।जिसमे फुल मैराथन, हाफ़ मैराथन, और अल्ट्रा चेलेंज के नाम से भी एक मैराथन आयोजित की जा रही है जो मनाली से रोहतांग के मध्य आयोजित की जाएगी।उन्होंने कहा कि इस मैराथन में भाग लेने वालों लोगों के लिए जल्द ही एक पोर्टल लॉन्च किया जाएगा।जिसके तहत जो भी इस मैराथन में भाग लेना चाहते है अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
