मंडी : धर्मवीर – सिंगला टॉप में बीते वीरवार को ड्यूटी के दौरान शहीद हुए मंडी जिला के लडभड़ोल क्षेत्र के संतोष ठाकुर का शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 10 वर्षीय बेटे अक्षित ठाकुर ने शहीद पिता को मुखाग्नि दी। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस प्रशासन सहित सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी।
शहीद संतोष ठाकुर के अंतिम संस्कार के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों सहित,डीएसपी सरकाघाट कुलदीप, जोगिंदरनगर कार्यवाहक थाना प्रभारी गोविंद राम, जोगिंद्रनगर तहसीलदार मुकुल शर्मा, एसआई अनिल कुमार, पूर्व जिला परिषद सदस्य संजीव शर्मा मौजूद रहे। पुलिस जवानों द्वारा शहीद संतोष ठाकुर को सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित कर दी गई। इससे पूर्व शहीद संतोष ठाकुर की अंतिम यात्रा के दौरान भारत माता की जय व रिंकू भाई अमर रहे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।गत रात्रि शहीद संतोष ठाकुर की पार्थिव दे उनके पैतृक गांव खादर पहुंची। शहीद की पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। शहीद की मां और पत्नी शहीद की पार्थिव देखर कई बार बेसुध हुई। परिवार अभी भी इस दुख को सहन नहीं कर पा रहा है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
सिंगला टॉप में ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ गई थी तबीयत
गौरतलब है कि बीते वीरवार को तहसील लडभड़ोल के साथ पड़ने वाली ग्राम पंचायत खद्दर के गांव खादर निवासी 39 वर्षीय संतोष ठाकुर पुत्र रोशन लाल ठाकुर सीमा सड़क सुरक्षा संगठन में बतौर चालक के पद पर कार्यरत थे। सिंगला टॉप पर ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद संतोष को उनके साथियों ने सिविल अस्पताल केलांग पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया। वह सोलंग वैली से दूसरे जवानों को राशन छोड़ने के लिए पदम गए थे। राशन छोड़ने के बाद वापसी में पदम के पास सिंगला टॉप में अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। संतोष ठाकुर करीब 10 सालों से सीमा सड़क संगठन में सेवाएं दे रहे थे। संतोष ठाकुर की की मौत से परिजनों सहित समस्त क्षेत्रवासी गमगीन है। शहीद संतोष ठाकुर अपने पीछे माता- पिता, पत्नी व बेटा-बेटी छोड़ गया है।
