शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक हादसे में नेपाली मूल के युवक की आग से झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार हादसा शाम जुब्बल थाना क्षेत्र के मटासा गांव में हुआ। मृतक की पहचान टोपिद्र कार्की निवासी जिला दैलेख, नेपाल के रूप में हुई है। वह गांव मटासा में एक सेब बगीचे में काम करता था और स्थानीय निवासी भूषण बासटा के यहां रह रहा था।
बताया जा रहा है कि शाम काम खत्म करने के बाद टोपिद्र अपनी रसोई में मौजूद था। इसी दौरान उसने सेब की खाली ट्रे इकट्ठा कर उनमें आग लगा दी। अचानक आग ने विकराल रूप ले लिया और युवक उसकी चपेट में आ गया।
गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद युवक ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बाद में मृतक के भाई ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों को लेकर हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।
