बिलासपुर, सुभाष -: स्वारघाट क्षेत्र के पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती स्कूटर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही क्षणों में पूरा वाहन लपटों से घिर गया। हालांकि चालक ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए समय रहते स्कूटर से उतरकर अपनी जान बचा ली।मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, स्कूटर चलते समय पहले उसमें से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक ने स्थिति को गंभीर समझते हुए तुरंत वाहन रोक दिया और उससे दूर हो गया। इसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते स्कूटर आग के गोले में तब्दील हो गई। कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण स्कूटर को बचाया नहीं जा सका। इस दौरान सड़क पर गुजर रहे वाहन चालकों में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।गनीमत यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
