ऊना। जिला ऊना के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत लोअर भंजाल (पठाला) के मुख्य बाजार में रविवार सुबह आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। बाजार में स्थित एक सैनेटरी की दुकान भीषण आग की चपेट में आ गई, जिससे दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार दुकान मालिक रात करीब आठ बजे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। उस समय तक सब कुछ सामान्य था। आशंका जताई जा रही है कि देर रात दुकान के अंदर बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। बंद दुकान के भीतर आग धीरे-धीरे फैलती रही और पूरी रात सामान को अपनी चपेट में लेती रही।
रविवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो शटर उठाते ही अंदर से धुएं का गुबार बाहर निकलने लगा। अंदर का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया। दुकान में रखा काउंटर, महंगी फिटिंग और प्लास्टिक सहित अन्य सैनेटरी सामान पूरी तरह जल चुका था। जो सामान आग से पूरी तरह नहीं जला, वह भी धुएं और गर्मी के कारण खराब हो गया और इस्तेमाल के लायक नहीं बचा।
दुकानदार के अनुसार इस आगजनी की घटना में उसे लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना के बाद बाजार के अन्य व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों और व्यापार मंडल ने प्रशासन से मामले की जांच करवाने और पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वह अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सके।
