Nurpur, Sanjeev-:अरनी विश्वविद्यालय में धौलाधार कप क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान “चिट्टे पे चोट, क्रिकेट से शॉट” का सशक्त सामाजिक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मनोहर धीमान, अखिल भारतीय क्षेत्रीय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवदीप कटोच तथा अरनी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. विवेक सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता को और आकर्षक बनाने के लिए प्रसिद्ध हिमाचली एवं पहाड़ी गायकों की प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा, जिन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और जोश के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
धौलाधार कप में चार टीमों— आरनी वॉरियर्स, शाइनिंग स्टार्स, एजुकेटर 11 और टीम न्यूज रडार— ने भाग लिया। सेमीफाइनल मुकाबले में टीम न्यूज रडार ने आरनी वॉरियर्स को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।फाइनल मुकाबला टीम न्यूज रडार और एजुकेटर 11 के बीच खेला गया, जिसमें एजुकेटर 11 ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए धौलाधार कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।व्यक्तिगत पुरस्कारों में पहले मैच के मैन ऑफ द मैच का खिताब अभिनव सिंह और दूसरे मैच के मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार श्री राज चेरी को प्रदान किया गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज़ का सम्मान संजीव (एमडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बसंतपुर) को दिया गया।समापन अवसर पर चांसलर डॉ. विवेक सिंह ने युवाओं से चिट्टे सहित सभी प्रकार के नशों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की दिशा भी प्रदान करते हैं। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और सहयोगियों को बधाई दी।
