सोलन : योगेश शर्मा- कालका-शिमला ट्रैक पर परवाणू के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक प्रवासी गंभीर रूप से घायल हो गया और मजदूर की टांग कट गई है। जिसे स्थानीय लोग परवाणू पुलिस की मदद से ईएसआई अस्पताल परवाणू लाए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। ट्रेन शिमला से कालका की ओर जा रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को करीब 02:45 बजे पुलिस स्टेशन परवाणू समीप कालका-शिमला रेलवे लाइन पर बनारस उत्तर प्रदेश का रहने वाला प्रवासी मजदूर जीवन रेलवे लाइन पर जा रहा था। इस दौरान शिमला से कालका जा रही डाउन मिक्स ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि युवक की टांग ट्रेन की चपेट में आने से कट गई है। घटना की सूचना मिलने पर परवाणू के समीप पड़ने वाले रेलवे स्टेशन पर तैनात रेलवे पुलिस महिला कर्मचारी मालती देवी पहुंची। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से मजदूर को अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने मजदूर को पीजीआई चंडीगढ़ का रेफर कर दिया।
कालका रेलवे स्टेशन पर तैनात रेलवे पुलिस के एएसआई सुरेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वीरवार को परवाणू थाना समीप कालका-शिमला रेलवे लाइन पर एक मजदूर ट्रेन की चपेट में आ गया। मजदूर को ईएसआई अस्पताल परवाणू में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया है। रेलवे पुलिस आगामी जांच कर रही है।
