शिमला/चन्द्रिका: शिमला के शनान में कल रात शरारती तत्वों द्वारा गाड़ियों के शीशे तोड़ने व गाड़ियों को नुक्सान पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर शिमला नागरिक सभा मलयाना इकाई ने कड़ा विरोध जताया है। नागरिक सभा के सदस्यों यशवन्त, विपिन, दिग्विजय, अमित, सुरेश, प्रताप, अशोक वर्मा का कहना है कि आए दिन यहां कभी गाड़ियों से तेल निकाल दिया जाता है, कभी टायर चोरी हो जाते है। इस कारण मल्याना की जनता बहुत परेशान है। उन्होंने कहा कि शरारती तत्व रात को शराब के नशे में लोगों की गाड़ियों को टक्कर मारकर चले जाते है और उनका कोई पता नहीं लगता है।
चुनाव के चक्कर में थाना तो खोल दिया, लेकिन सुविधाएं नहीं
संयोजक शिमला नागरिक सभा विवेक कश्यप ने शिमला नागरिक सभा ने प्रशासन से मांग की है कि यहां के लोगों को इस समस्या से निजात दिलाई जाए। उन्होंने बताया कि पहले यह क्षेत्र ढली थाने के अन्तर्गत आता था। चुनाव से ठीक पहले संजौली को थाना बनाया गया व थाना के पास कोई सरकारी गाड़ी नहीं है। थाने में पुलिस कर्मियों को रहने की कोई व्यवस्था नहीं है व कर्मचरियों की कमी है। चुनाव के चक्कर में थाना तो खोल दिया लेकिन सुविधाएं नहीं है। नागरिक सभा ने मांग की है कि थाने में पूरा स्टाफ दिया जाए। थाने के पास गाड़ी हो, कम से कम एनएच के आसपास तो सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए ताकि इस तरह की गतिविधियों पर नज़र रखी जा सके। विवेक कश्यप ने कहा कि जल्द शिमला नागरिक सभा उच्च अधिकारियों से मिलकर इस मांग को उठाएगी।
