नाहन/देवेन्द्र कुमार: 12 नवंबर को प्रदेश में विधानसभा की 68 सीटों पर हुए मतदान में सिरमौर जिला मतदान में सबसे आगे रहा है। पिछड़ा जिला माने जाने वाले सिरमौर में एक बार फिर जिला की पांचों विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने जागरूकता का परिचय दिया है। मीडिया से बात करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी राम कुमार गौतम ने बताया कि सिरमौर जिला में इस बार 79.91 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो प्रदेश भर में सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि जिला की शिलाई विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 84.21 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि विधानसभा चुनाव 2017 के मुकाबले में इस बार मतदान प्रतिशत में जरूर कमी आई है। गत विधानसभा चुनाव में यहां 80.81 प्रतिशत मतदान हुआ था।
कम मतदान वाले मतदान केंद्रों पर दिया जागरूकता पर जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों पर उन स्थानों पर मतदान प्रतिशतता को बढ़ाने की कोशिश इस बार की गई थी जहां गत विधानसभा चुनाव में कम मतदान हुआ था। जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए है। जिला का एकमात्र पांवटा साहिब ऐसा विधानसभा क्षेत्र है जहां 2017 के मुकाबले इस बार कम मतदान हुआ है। निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया को सफल बनाने और इसमें भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला के मतदाताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों पर सिरमौर जिला में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
