नाहन :देवेंद्र कुमार (TSN)-शिलाई विकासखंड की ग्राम पंचायत लोजा मानल में विकासकार्यों में सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत के बाद कोई कार्रवाई ना होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है । गांव का एक प्रतिनिधिमंडल आज जिला मुख्यालय नाहन डीसी सिरमौर से मिलने पहुंचा।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत प्रधान ने मनमानी करते हुए मनरेगा में भारी अनियमितताएं बरती है । उन्होंने कहा कि मनरेगा मस्टरोल में फर्जी हाजिरीयां भरी गई है और ऐसे लोगों के नाम पर पैसा निकाला गया है, जिन्होंने मनरेगा के तहत पंचायत में कोई काम नहीं किया है। ग्रामीणों ने इस बात पर हैरानी जताई कि बार बार शिकायत के बावजूद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।जबकि शिकायत में अनियमितताओं क पुख्ता सबूत शिकायत में दिए गए है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके द्वारा सबसे पहले 24 फरवरी को 17 बिंदुओं का एक शिकायत पत्र उपायुक्त सिरमौर को सौंपा गया था। कार्रवाई न होने के चलते 28 मार्च को फिर से उपायुक्त को रिमाइंडर के तौर पर ग्रामीणों का प्रतिनिधि मंडल मिला परंतु जब कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो आज फिर से उपायुक्त से मिलने ग्रामीण पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि 9 माह का समय बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने कहां की एक बार एसडीओ ने पंचायत का दौरा किया था परंतु उसकी टेक्निकल रिपोर्ट कुछ अधिकारियों को सौंप गई या नहीं इस बारे में भी उन्हें संशय है। उन्होंने फिर से उपाय सिरमौर से आग्रह करते हुए कहा कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाए। ताकि सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग ना हो सके।
