मंडी,धर्मवीर(TSN)-पूर्व मंत्री एवं मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा का कहना है कि बिना सुविधाओं के संस्थान खोलने का कोई औचित्य नहीं होता।यह बात उन्होंने आज पंडोह में पांडवा पब्लिक हाई स्कूल के वार्षिक समारोह को संबोधित करते हुए कही।अनिल शर्मा ने कहा कि पंडोह चार विधानसभा क्षेत्रों का केंद्र बिंदु है।बहुत से लोग यहां पर कॉलेज,आईटीआई,बीडीओ ऑफिस सहित अन्य संस्थान खोलने की मांग करते हैं।कोटली में कॉलेज खोला गया है लेकिन वहां पर बच्चों की संख्या 100 से भी कम है।बेहतरीन सुविधाओं के लिए वहां के लोग अपने बच्चों को मंडी भेजते हैं क्योंकि वहां से मंडी की दूरी काफी कम है। ऐसा ही पंडोह क्षेत्र में भी है।यहां से भी फोरलेन के माध्यम से मंडी की दूरी काफी कम रह गई है।
15-20 किमी का सफर तय करके छोटे बच्चे आ जाते हैं स्कूल तो बड़े बच्चे क्यों नहीं
अनिल शर्मा ने कहा कि पूर्व में कुछ नेताओं ने अपने क्षेत्रों में बहुत से संस्थान खोले लेकिन वे चुनाव नहीं जीत पाए।मौजूदा सरकार ने भी 800 के करीब स्कूलों को बंद किया है जिनमें बच्चों की संख्या न के बराबर थी।इसलिए संस्थान को खोलने के बाद भी अगर लोग बेहतरीन सुविधाओं के लिए मंडी जाएं तो ऐसे संस्थानों को खोलने का कोई औचित्य नहीं है।आज पंडोह क्षेत्र में ही कई प्राइवेट स्कूल हैं जहां पर बच्चे 15 से 20 किमी का सफर बस के माध्यम से तय करके आते हैं। ऐसे में बड़े बच्चों को मंडी जाने में कोई ऐतराज नहीं होना चाहिए।
अनिल शर्मा ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए जो अभिभावक सरकार की तरफ देख रहे हैं वे वहां देखना बंद करें क्योंकि सरकार इसमें कुछ नहीं कर सकती।यदि नशे की रोकथाम करनी है तो फिर इसके लिए अभिभावकों को अपने स्तर पर जागरूक होना होगा।उन्हें यह देखना होगा कि उनका बच्चा किस तरह की गतिविधियों में शामिल है।यदि वे अपने बच्चों पर सही ढंग से नजर रखेंगे तो फिर स्वतः ही नशे की रोकथाम हो जाएगी।
इस मौके पर अनिल शर्मा ने अपने स्व.पिता पंडित सुखराम द्वारा किए गए कार्यों का भी बखान किया।उन्होंने कहा कि आज हम सभी जिस संचार क्रांति का आनंद उठा रहे हैं वह स्व.पंडित सुखराम की दूरदर्शी सोच का नतीजा है।उन्होंने हर क्षेत्र में ऐसे काम किए जिन्हें पूरा देश आज भी याद करता है।उन्होंने कहा कि वे अपने स्व. पिता द्वारा दिखाई राह पर चल रहे हैं और आगे भी इसी पर ही चलेंगे।इस मौके पर उन्होंने स्कूल प्रबंधन को अपनी तरफ से 21 हजार की धनराशि देने की घोषणा भी की।समारोह के दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य उमेश शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और शत प्रतिशत परिणाम आने पर स्कूल के सभी अध्यापकों और अभिभावकों को बधाई दी।इस मौके पर स्कूल के चेयरमैन बीआर सकलानी,व्यापार मंडल के प्रधान आनंद,बीडीसी सदस्य खेम सिंह,धर्मपाल और भाजपा नेता व स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जिसका सभी ने आनंद उठाया।
