विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी बलवीर चौधरी ने गुरुवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन है चिंतपूर्णी बाजार के लोगों से वोट और सपोर्ट की अपील की। उन्होंने नया बस स्टैंड चिंतपूर्णी से लेकर मां चिंतपूर्णी के दरबार तक हर दुकानदार से मिलकर 12 नवंबर को उन्हें समर्थन देने और वोट डालने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने अपने पिछले 5 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां भी लोगों को गिनाई और साथ ही इस बार लोग उन्हें क्यों वोट डालें इसे लेकर उन्होंने अपना आगामी विजन भी मतदाताओं को बताया। इस मौके पर उनके साथ समर्थक ओर भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
विधायक बलवीर चौधरी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा उनके 5 वर्ष के कार्यकाल में सड़क सुविधा, चिकित्सा और पीने के पानी की सुविधा हर घर तक हो इसके लिए पूरा प्रयास किया गया है। डोर टू डोर प्रचार करने के बाद उन्होंने मां चिंतपूर्णी के दरबार में पहुंच कर माता रानी के दर्शन किए और माथा टेक कर अपनी जीत की मनोकामना की।
उन्होंने पूरे प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया और कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता रिवाज को बदलने जा रही है और एक बार फिर से भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में आने जा रही है।
