Una,Rakesh-जिला ऊना की कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में बड़साला खड्ड पर बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे चार गांवों — बड़साला, डंगोह, गगरेट और आसपास के अन्य क्षेत्रों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। यह पुल इन गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने का एकमात्र जरिया था, लेकिन अब लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।
पुल की स्थिति गंभीर होने के बाद आज क्षेत्रीय विधायक विवेक शर्मा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।उन्होंने पुल की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए जल्द ही अस्थायी वैली ब्रिज बनाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।विधायक शर्मा ने बताया कि यह पुल काफी पुराना है और इसकी चौड़ाई भी कम है।पूर्व में इसकी मरम्मत की गई थी, लेकिन अब इसे आधुनिक तकनीक से पुनर्निर्मित किया जाएगा और इसकी चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी।उन्होंने आश्वासन दिया कि नया पुल बनने में समय लगेगा, लेकिन तब तक लोगों की सुविधा के लिए वैली ब्रिज का निर्माण प्राथमिकता पर किया जाएगा।
