अरविंदर सिंह,हमीरपुर(TSN): राष्ट्रीय राजमार्ग 03 के तहत निर्माणाधीन सड़क हमीरपुर से सरकाघाट के चलते स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी के अलावा निर्माण अधीन कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय विधायक व प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा सड़क परिवहन मंत्रालय दिल्ली के प्रतिनिधियों व निर्माण अधिनियम कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक की। इस बैठक में उन्होंने लोगों की समस्याओं से जल्द निपटने के भी दिशा निर्देश दिए।
बैठक में विधायक राजेंद्र राणा ने निर्माण अधीन कार्य की गुणवत्ता पर भी प्रश्न चिन्ह लगाए और इस मामले में केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर की चुप्पी भी सवालिया निशान उठाए। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगर निर्माण अधीन कंपनी स्थानीय लोगों की समस्याओं का जल्द निपटारा नहीं करती है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाए।
बैठक के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए विधायक व प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि सड़क निर्माण के चलते स्थानीय लोगों की पानी की सप्लाई सबसे अधिक प्रभावित हुई है और निर्माण अधीन कंपनी की ओर से महीनों तक इसपर कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है जिससे लोग परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण अधीन कंपनी की ओर से स्थानीय सड़कों व मार्गों को भी क्षति पहुंचाई गई है जिसको भी जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं ।
उन्होंने बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगर निर्माण अधिनियम कंपनी तय समय सीमा के अंदर लोगों की परेशानी को दूर नहीं करती है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाए। विधायक ने इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को घेरते हुए कहा कि निर्माण अधीन कंपनी की ओर से की जा रही मनमानी व लोगों को हो रही परेशानी के बावजूद भी केंद्रीय मंत्री की ओर से उक्त मुद्दे पर कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है जो समझ से परे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के प्रतिनिधियों से दिल्ली में भी केंद्रीय मंत्री बात कर सकते थे लेकिन डेढ़ साल से लोग परेशान हो रहे हैं और कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को निर्माण अधीन कार्यों की गुणवत्ता की जांच करवानी चाहिए ।
