35 सालों में भोरंज के विकास से हुआ खिलवाड़, भाजपा नेता जनता को कर रहे गुमराह: सुरेश कुमार
SIR के मुद्दे पर भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त पर साधा निशाना, समीरपुर में विकास के दावों पर उठाए सवाल
हमीरपुर, अरविंद-: भोरंज विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने पिछले 35 वर्षों में क्षेत्र के विकास के नाम पर जनता के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। विधायक ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा सरकारों ने क्षेत्र में इतना विकास किया होता, तो आज जनता को बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए उनके पास क्यों आना पड़ता?
हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुरेश कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर भी भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर देशभर में मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं। उनके अनुसार, भाजपा अलग-अलग माध्यमों से वोट चोरी करने का प्रयास कर रही है, जिसके प्रमाण विपक्ष सामने रख चुका है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं। विधायक ने फॉर्म-6 के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए भी भाजपा पर सवाल खड़े किए।
समीरपुर में विकास के दावों पर उठाए सवाल
भोरंज में विकास कार्यों को लेकर भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने कहा कि यदि सांसद अनुराग ठाकुर की गृह पंचायत समीरपुर में पर्याप्त विकास हुआ होता, तो वहां के लोग आज महिला मंडल भवन, श्मशान घाट और अन्य विकास कार्यों की मांग लेकर उनके पास क्यों आते? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता विकास के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे हैं और जमीनी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं।
कंजयण में खुला जल शक्ति विभाग का नया सब-डिवीजन
जल शक्ति विभाग के सब-डिवीजन को लेकर उठे विवाद पर सुरेश कुमार ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र से विभाग का कोई भी सब-डिवीजन स्थानांतरित नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता इस संबंध में नोटिफिकेशन की जानकारी गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं।विधायक के अनुसार, ऊहल सब-डिवीजन से संचालित होने वाली बमसन पेयजल योजना को कंजयण में खोले गए नए जल शक्ति विभाग के सब-डिवीजन के साथ जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हर वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है, जबकि भाजपा नेता जनता के बीच भ्रम फैलाने में लगे हैं।

