अरविंदर सिंह, हमीरपुर: कांग्रेस पार्टी को छोड़ भाजपा में शामिल हुए विधायकों ने पार्टी को छोड़कर अपना ही नुकसान किया है। अगर ये विधायक कांग्रेस में रहते तो आने वाले समय में इन्हें ज्यादा फायदा मिलता। यह प्रतिक्रिया कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा का दामन थामने वाले विधायक पवन काजल ओर विधायक लखविंदर राणा को लेकर कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दी है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दोनों नेताओं की पृष्ठभूमि भाजपा की रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दोनों को पूरा मान-सम्मान दिया था लेकिन उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि अगर वह कांग्रेस में रहते तो उन्हें ज्यादा फायदा होता क्योंकि आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस अपनी सरकार बनाएगी।
बता दें कि बीते कल प्रदेश में कांगेस को बड़ा झटका देते हुए कांगड़ा से कांग्रेस के विधायक पवन काजल ओर नालागढ़ से विधायक लखविंदर राणा ने भाजपा पार्टी जॉइन कर ली है। दोनों कांग्रेस विधायकों ने दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है । विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी को दोनों विधायकों के पार्टी छोड़ने से बड़ा धक्का लगा है।
