अरविंदर सिंह, हमीरपुर: श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उत्सव पर आज पहचान संस्था के विशेष बच्चों ने बड़ी ही धूमधाम से यह उत्सव मनाया। इस दौरान बच्चों ने कृष्ण राधा बनकर खूब लीलाएं रचाई। संस्था के विशेष बच्चों शुभम और प्रिया ने देवकी और वासुदेव बनकर आदित्य और अदिति ने नंदबाबा और यशोदा बनकर कृष्ण जन्म को दर्शाया। बच्चों ने कृष्ण और राधा बनकर कृष्ण की लीलाएं रचाई तो कुछ बच्चों ने गोपियों और ग्वालों की भूमिका निभाई।
बच्चों ने माखन की मटकी फोड़ी और सभी बच्चों ने कृष्ण भगवान को झूला झुलाया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से मुख्यातिथि संस्था के नए सदस्य जितेन्द्र सितलानी उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के साथ मिलकर श्री कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव बहुत ही उत्साह और हर्षोल्लास से मनाया।
