राहुल चावला,धर्मशाला: जिला कांगड़ा में पिछले कुछ दिनों से मौसम खराब चल रहा था,लेकिन बुधवार को सुबह से ही जिला कांगड़ा के कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं चली जिस कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई हैं। वहीं अगर पिछले दो चार दिनों के बात की जाए तो आसमान में काले बादलों के डेरा तो जरूर डाला हुआ था मगर बारिश नहीं हो रही थी लेकिन बुधवार की सुबह मानसून ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया ओर जमकर मूसलाधार बारिश जिला में हुई।
वहीं अगर मौसम विभाग की बात की जाए तो मौसम विभाग ने भी हिमाचल प्रदेश के कई जिला में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया हैं। इसी के साथ मौसम विभाग ने जिला कांगड़ा में भी 9 जून तक येलो अलर्ट जारी किया हैं, जिसके चलते जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात व मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने का अनुमान लगाया गया हैं। इस मूसलाधार बारिश के होने के कारण जिला के लोगों को भी तपती गर्मी से राहत मिली हैं।
जिला कांगड़ा प्रशासन ने भी बरसात के आने से पहले ही अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला कांगड़ा के उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने भी सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसी के साथ उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने एक एडवाइजरी जारी कर जिला कांगड़ा के लोगों को नदी नालों से दूर रहने की अपील की हैं, क्योंकि अक्सर पहाड़ों पर बारिश होने के कारण नदी नालों का जल स्तर बढ़ जाता है और लोग जाने अनजाने में अपने पालतू मवेशियों को लेकर नदी नालों के करीब चल जाते हैं जिस कारण लोग अपनी जान सहित अपने पालतू पशुओं की जान को भी खतरे में डाल देते हैं।
