Shimla, Sanju-हिमाचल प्रदेश में मानसून आने को तैयार है। बीते दो दिनों से प्री-मानसून की बौछारें पड़ रही थीं, और अब आगामी दो से तीन दिनों के भीतर मानसून प्रदेश में औपचारिक रूप से प्रवेश करेगा। मौसम विभाग ने 21 से 25 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
21 जून को ऊना, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 22 जून को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 23 और 24 जून को बारिश में थोड़ी कमी आने की उम्मीद है, लेकिन 25 जून को फिर से भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस वर्ष मानसून में सामान्य से अधिक बारिश की आशंका है। 2023 की बरसात में हिमाचल ने काफी नुकसान झेला था और यदि इस बार भी बारिश सामान्य से ज्यादा हुई, तो प्रदेश को फिर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
शोभित कटियाल, मौसम वैज्ञानिक:
“हिमाचल प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों में मानसून की आधिकारिक दस्तक होगी। 21 से 25 जून तक भारी बारिश की संभावना है और कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सामान्य तौर पर मानसून सीजन में 730 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार करीब 107 मिलीमीटर ज्यादा बारिश होने की संभावना है। जून में भी सामान्य से अधिक वर्षा के संकेत मिल रहे हैं।”
