बीबीएन/जगत सिंह: डिग्री कॉलेज नालागढ़ के फर्स्ट ईयर के रिजल्ट लेट होने व कॉलेज के 80 फीसदी से ज्यादा छात्रों को फेल करने को लेकर डिग्री कॉलेज नालागढ़ के सैकड़ों छात्र छात्राओं में खासा रोष देखा जा रहा है। इसी के चलते सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने एकत्रित होकर कॉलेज में जमकर प्रदर्शन किया और हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। वहीं यूनिवर्सिटी मुर्दाबाद के नारों से पूरा नालागढ़ का डिग्री कॉलेज गूंज उठा।
पेपरों में गड़बड़ी व रिजल्ट लेट आने को लेकर छात्रों का प्रदर्शन
छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन छात्रों ने 12वीं कक्षा में 80 से 85 फ़ीसदी अंक लेकर फर्स्ट डिवीजन हासिल की थी। उन छात्र-छात्राओं को भी फेल कर दिया गया है, जो कि एक बहुत बड़ी लापरवाही है। छात्र-छात्राओं ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर आरोप लगाया कि एक तो यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा पहले ही जो रिजल्ट अगस्त माह में आना चाहिए था, वह नवंबर माह में दिया गया और उसमें नालागढ़ डिग्री कॉलेज के 80 फीसदी से ज्यादा छात्र छात्राओं को फेल कर दिया गया जो कि गलत है।
छात्र-छात्राओं ने दावा किया है कि उनके पेपर अच्छे हुए हैं और वह अगली क्लास में ही बैठेंगे पिछली क्लास में नहीं बैठेंगे। छात्र संगठनों द्वारा यूनिवर्सिटी प्रशासन पर छात्रों की शिक्षा से खिलवाड़ के भी गंभीर आरोप लगाए हैं । छात्र संगठनों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन को 5 दिन का अल्टीमेटम देकर पेपरों की रिचेकिंग की जहां मांग उठाई है ।वही चेतावनी देकर कहा है कि अगर 5 दिन के भीतर उनको पास नहीं किया गया तो वह आने वाले दिनों में एक उग्र आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।
