राहुल चावला : धर्मशाला (TSN)- विकसित भारत संकल्प यात्रा हर गांव में जा रहे हैं। हर वर्ग के कल्याण के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने योजनाएं बनाई हैं। पीएम के नेतृत्व में भारत बहुत आगे बढ़ा है। यह बात कांगड़ा चम्बा संसदीय क्षेत्र के सांसद किशन कपूर ने वीरवार को धर्मशाला के सकोह में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।
सीयू पर प्रदेश कांग्रेस सरकार कर रही राजनीति
सांसद ने कहा कि जिला कांगड़ा और चंबा में नेटवर्क बेहतर हो, इसका विस्तार हो इसके लिए 145 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं और नए टावर लग रहे हैं।कांगड़ा घाटी रेलवे लाइन के लिए भी पैसा आया है, फोरलेन बन रहे हैं, जिससे पर्यटन विकास हो, हवाई पटटी का भी विस्तार हो रहा है। सांसद ने कहा कि सीयू पर प्रदेश कांग्रेस सरकार राजनीति कर रही है। मैं इस मामले में केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री से मिला था, पूरी स्थिति उनके सामने रखी थी। जिम्मेदार पद पर बैठे हुए सीएम कह रहे हैं कि केंद्र परमिशन नहीं दे रहा, सीएम झूठ बोलने के बजाय जो 30 करोड़ रुपये जमा करवाने हैं, उसे जमा करवाएं। भारत सरकार की ओर से सीयू के लिए पैसा स्वीकृत है। सीयू को लेकर जो धरने पर बैठे हैं, मैं उन्हें बधाई देता हुं । पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार बिल्कुल ठीक बोल रहे हैं, क्योंकि भाजपा की ओर से जो किया जाना था वो केंद्र ने कर दिया है, अब 30 करोड़ की अड़चन है, सरकार इसे जमा करवाए और काम शुरू हो। सीएम द्वारा कांगड़ा से भेदभाव किया जा रहा है।
सांसद ने कहा कि विपक्ष को भगवान सदबुद्धि दे
राम लाल प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम पर सांसद ने कहा कि विपक्ष को भगवान सदबुद्धि दे, भारत की पहचान राम से है, देश की अपनी संस्कृति है। दिल्ली में विदेशी आक्रमणकारियों के नाम पर मार्गों के नाम रखे गए हैं। पूरा भारत राममय हो या है। लोकसभा चुनावों में भाजपा नया इतिहास बनाएगी और 400 से अधिक सीटों के साथ फिर से सरकार बनाएगी।
