बीबीएन : जगत सिंह – नालागढ़ सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में पूरे देशभर में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने जिला सोलन के उपमंडल नालागढ़ की ग्राम पंचायत सरौर में विकास कार्य का शुभारंभ किया।
सुरेश कश्यप ने भाजपा की नीतियों के बारे में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से भरपूर सहयोग बीते लोकसभा चुनावों में मिला था और ऐसा ही सहयोग एक बार फिर से देना होगा। उन्होंने कहा कि सांसद निधि से दर्जनों की संख्या में विकास कार्य करवाएं है और भरपूर विकास आगे भी करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नालागढ़ विधानसभा की 48 पंचायतों में से 30 पंचायतों में सांसद निधि के तहत विकास कार्य करवाए जा चुके है। कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में विकास की कोई कमी नही छोड़ी है और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल डिवाइस पार्क व पिंजौर से नालागढ़ तक फोरलेन की सौगात दी है जिसके लिए क्षेत्र व प्रदेश की जनता आभारी है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री एरिया को रेलने से भी जोड़ा जा रहा है जिसके तहत चंडीगढ़ से बद्दी रेल लाइन का कार्य चला हुआ है।
