बिलासपुर :सुभाष ठाकुर (TSN)- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह जिला बिलासपुर में (भाजपा समर्थित) नगर परिषद बिलासपुर के अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप की कांग्रेस परिवार में एक बार फिर वापसी हुई है। सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव बंबर ठाकुर ने कमलेंद्र कश्यप को पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। किन्हीं कारणों के चलते कमलेंद्र कश्यप कांग्रेस पार्टी को छोड़ कर चले गए थे। इसका कारण प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ विवाद बताया जा रहा है।
सोमवार को बिलासपुर नगर परिषद में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा कि कमलेंद्र कश्यप एनएसयूआई, युवा कांग्रेस,जिला कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस में कार्य कर चुके हैं। कांग्रेस को मजबूत करने के लिए बेहतर प्रयास किए हैं। उधर,इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप ने कहा कि उन्होंने भाजपा की कोई भी सदस्यता ग्रहण नहीं की थी, न ही भाजपा का कोई फॉर्म भरा हुआ था। उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं के साथ विवाद के चलते कांग्रेस पार्टी से दूरियां बनाई हुई थी। वहीं,भाजपा की कार्यप्रणाली को जानने के प्रयास किए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की अपेक्षा कांग्रेस पार्टी की कार्यप्रणाली बेहतर है। भाजपा की कार्यप्रणाली उन्हें रास नहीं आई।
