मंजूर पठान,चंबा(TSN): हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से नगर परिषद डलहौजी में चार पार्षदों को मनोनीत किया है जिन्हें शुक्रवार को एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। मनोनीत पार्षदों के चलते नगर परिषद डलहौजी और मजबूत होगी। बता दें कि इस शपथ ग्रहण समारोह में डलहौजी से कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने भी शिरकत की।
आशा कुमारी ने सभी चारों मनोनीत पार्षदों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने इसके लिए स्वीकृति प्रदान की है उसके बाद ही उनका आज शपथ ग्रहण समारोह हो रहा हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश में मानसून के सीजन में बड़ी आपदा आई है लेकिन डलहौजी पूरी तरह से सुरक्षित रहा और यहां पर ऐसी कोई घटना नहीं हुई हैं। हम सभी को मिलकर डलहौजी को आगे ले जाना है और विकास के राह पर निरंतर आगे बढ़ाना हैं। उन्होंने कहा कि इसी को लेकर हमारा प्रयास है कि नगर परिषद डलहौजी विकास की राह पर आगे बढ़ती रहे और उन्हें विकासात्मक कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि हम सभी को डलहौजी को आगे ले जाने के लिए कार्य करना हैं। यहां की खूबसूरती को कैसे ओर अधिक बढ़ाया जाए और कैसे पर्यटकों को अधिक से अधिक संख्या में यहां पर पहुंचाया जाए इस दिशा में भी काम करना हैं।
