संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रत्याशी चुनावी मैदान में प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। वहीं जिला कांगड़ा में इस बार हॉटशीट माने जा रही फतेहपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी राकेश पठानिया भी क्षेत्र में अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए जोरों शोरों से प्रचार प्रसार कर रहे हैं। गांव-गांव में चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें भारी समर्थन मिल रहा है।
सोमवार को राकेश पठानिया ने मलहन्ता, मच्छोट और मानगड सहित दर्जनों जगहों पर जनसंपर्क अभियान चलाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की एवं इस बार फतेहपुर में बदलाव लाने का आह्वान किया। दिलचस्प बात यह है कि कई जगहों पर उनका कार्यक्रम ना होने के बावजूद लोग उन्हें अपने गांवों में लेकर जाकर स्वागत कर रहे हैं और अपनी समस्याएं बता रहे हैं। राकेश पठानिया बड़ी तसल्ली से सभी की समस्याएं सुन रहे हैं और जीतने के बाद उनको दूर करवाने का वादा भी करते हैं।
वहीं नगोह में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राकेश पठानिया ने कहा कि क्षेत्र में पानी, रास्ते और 1 फेज वाली बिजली की समस्या को दूर करवाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों की कमी को भी उजागर करते हुए उन्होंने कहा कि हमनें नूरपुर के बरंडा में सरकारी डिग्री कॉलेज खोला है। फतेहपुर की जनता का साथ रहेगा तो फतेहपुर में भी सरकारी डिग्री कॉलेज खोलूंगा ताकि विद्यार्थियों को, खासकर बच्चियों को पढ़ाई करने के लिए दूर ना जाना पड़े।
इस दौरान राकेश पठानिया ने नूरपुर में करवाए अपने कामों की बात करते हुए कहा कि आज नूरपुर के हर पंचायत में सड़क, पानी और बिजली के साथ खेल का मैदान और आउटडोर जिम है। राष्टीय स्तर पर खेल के लिए इनडोर स्टेडियम है। आज नूरपुर पुलिस डिस्ट्रिक्ट है, माताओं, बच्चों हेतु समर्पित मातृ-शिशु अस्पताल है।सरकारी डिग्री कॉलेज है, सेशन कोर्ट है, बिजली बोर्ड का सर्कल है लेकिन फतेहफुर आज भी पानी और रास्ते की समस्या से जूझ रहा है।
उन्होनें लोगों से वादा किया कि मैं जीतने के बाद ना सिर्फ रास्ते, पानी और बिजली आदि की मूलभूत समस्याओं को दूर करूंगा बल्कि यहां भी अस्पताल, कॉलेज, और अन्य सभी जरूरी कार्यालयों का निर्माण करवाउंगा। इस दौरान फतेहपुर के लोग भी राकेश पठानिया को पूरा समर्थन दे रहे हैं। लोग राकेश पठानिया को खुद अपने गांव लेकर जाकर समस्याएं बता रहे हैं तो साफ है कि लोगों में राकेश पठानिया से उम्मीद है।
