नालागढ़/जगत सिंह: नालागढ़ के तहत पहाड़ी हलके रामशहर के अंतर्गत गुरु कुंड गौशाला में बीते दिनों हुए जानलेवा हमला मामले में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने एकत्रित होकर पुलिस थाना रामशहर का घेराव किया। पुलिस से लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग उठाई। मामले को गर्म होता देख डीएसपी नालागढ़ ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जल्द ही आरोपियों को दो-तीन दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। लोगों ने डीएसपी नालागढ़ अमित यादव के आश्वासन के बाद हंगामा बंद किया।
बता दें कि बीते 2 दिन पहले गौशाला गुरु कुंड में भंडारा व एक बैठक का आयोजन किया गया था। जिसको लेकर नालागढ़ से भी कुछ लोग वहां पर पहुंचे थे और नालागढ़ के लोगों और गुरुकुण्ड के लोगों में आपसी किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना ज्यादा बढ़ गया कि नालागढ़ से 40 से ज्यादा लोगों को बुलाकर तेजधार हथियारों के साथ लोगों पर हमला कर दिया। हमले में गुरु कुंड गोशाला के प्रधान व गुरुकुंड गुरुद्वारा साहिब के सेवक को गंभीर चोटें आई थी। जिसके बाद से ही लगातार यह मामला तूल पकड़ता हुआ नजर आ रहा है।
लोगों ने सरकार व पुलिस प्रशासन को दी चेतावनी
लोगों ने सरकार व पुलिस प्रशासन को चेतावनी देकर कहा है कि अगर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो वे एकत्रित होकर नालागढ़ चौक में धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।
