सोलन/योगेश शर्मा: हिमाचल में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी 68 विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। वहीं लगातार कार्यकारिणी का विस्तार भी पार्टी द्वारा किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोलन में पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के सुप्रीमो रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि लगातार जनता के बीच जाकर जनता की आवाज बनने का प्रयास पार्टी कर रही है। रुमित ठाकुर ने कहा कि 2 अक्टूबर तक जो भी प्रत्याशी चुनावी मैदान में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी की ओर से लड़ना चाहते हैं, वह आवेदन कर सकते हैं। वही 5 अक्टूबर को राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी अपने पहले उम्मीदवारों की सूची जनता के बीच रखने वाली है।
रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि इस बार कांग्रेस भाजपा और अन्य दलों को टक्कर देने के लिए राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी मैदान में है और पूरे जी जान से वे इस बार हिमाचल प्रदेश के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ने वाले हैं। रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि आज कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया है। जिसमे 7 महासचिव और 45 सहसचिव प्रदेश के विभिन्न जिलों से नियुक्त किए गए है। उन्होंने कहा कि आज तक सिर्फ सत्ता की राजनीति करने का प्रयास भाजपा कांग्रेस ने किया है, लेकिन आम जनता के हर मुद्दे को उठाकर राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी आगामी दिनों में कार्य करने वाली है।
उन्होंने कहा कि 2022 के अंत मे होने वाले विधानसभा चुनाव में वोट की चोट राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के माध्यम से जनता, इस बार प्रदेश में करने वाली है। उन्होंने कहा कि पार्टी के माध्यम से प्रदेश के 62 लाख सवर्णों की आवाज को लेकर प्रदेश में लड़ाई लड़ी जाएगी। रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि इन दिनों भाजपा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी प्रदेश की जनता को मुफ्त में सबकुछ देने के वादे कर रही है। ऐसे में वो प्रदेश की जनता को अपाहिज बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी सवर्ण आयोग के गठन के बारे में बात नहीं कर पाएगी।
