संजीव महाजन,नूरपुर(TSN): प्रदेश में आई आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन की टीम हिमाचल के दौरे पर पहुंची हैं। टीम के सदस्यों ने रविवार को विधानसभा ज्वाली के तहत आपदा प्रभावित न्यांगल पंचायत में बरसात के कारण भूस्खलन और जमीन धंसने वाली जगह का निरीक्षण किया ओर नुकसान का जायजा लिया। इस टीम में पी. के. दास के अतिरिक्त अमित टंडन, एस. के. जेना ओर महिंद्र राजा राम शामिल रहे।
एनडीएमए टीम ने प्रभावित परिवारों से घटनाक्रम नुकसान बारे विस्तृत जानकारी हासिल की। टीम ने राहत शिविर में रह रहे लोगों से मुलाकात कर प्रशासन की ओर से उनके रहनसहन ओर खानपान सहित उपलब्ध करवाई जा रही अन्य जरूरी सुविधाओं बारे जानकारी ली। उन्होंने प्रभावितों से मिलकर उनके स्थाई पुनर्वास के लिए आवास, आर्थिक सहायता ओर अन्य आवश्यक जरूरतों बारे उनकी भावनाओं को जाना।
इससे पहले दोपहर को एनडीएमए टीम का गगल हवाई अड्डा पहुंचने पर उपायुक्त डॉ.निपुण जिंदल, एडीएम रोहित राठौर सहित ज़िला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया। एनडीएमए टीम ने एयरपोर्ट में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की ओर आपदा से हुए नुकसान बारे विस्तृत ब्यौरा लिया। उन्होंने आपदा के बाद प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास के दौरान आवश्यक जरुरतों बारे विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा। एनडीएमए टीम ने जिला प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट बनाने ओर प्रभावित परिवारों की भावनाओं ओर आवश्यक जरूरतों के अनुरूप राहत एवं पुनर्वास कार्यों का संचालन करने के लिए कहा।
उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बरसात से हुए नुकसान का विस्तृत ब्यौरा टीम के समक्ष रखा। उन्होंने राज्य सरकार के दिशानिर्देशानुसार प्रशासन की ओर से प्रभावितों को राहत पहुंचाने एवं पुनर्वास के लिए उठाए गए कदमों बारे जानकारी दी।
