Shimla, Sanju-हिमाचल प्रदेश में हालिया बारिश ने भारी तबाही मचाई है। कुल्लू और धर्मशाला में बादल फटने की घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। धर्मशाला के खनियारा खड्ड से अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि छह लोग अभी भी लापता हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपात बैठक कर हालात की समीक्षा की और जनता से अपील की कि वे नदी-नालों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर करीब 40 लोग फंसे हुए थे, जिनमें से 31 को सुरक्षित निकाल लिया गया है।बादल फटने से राज्य में 15 मकानों को नुकसान पहुंचा है और दो राष्ट्रीय राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा दो पावर प्रोजेक्ट्स को भी नुकसान हुआ है, जिनमें सैंज स्थित पावर कॉरपोरेशन का प्रोजेक्ट भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने पर्यटकों को भी चेतावनी दी है कि वे किसी भी प्रकार के साहसिक खेल या गतिविधियों से बचें और नदी-नालों के पास जाने से परहेज करें। उन्होंने कहा कि बारिश के चलते जलस्तर में तेज़ी से बढ़ोतरी होती है, जिससे जान का खतरा बना रहता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश के अन्य सभी क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित हैं।
